Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दो रिपोर्टों में पथरी, तीन में गायब, दो डायग्नोस्टिक सेंटरों पर उठे...

दो रिपोर्टों में पथरी, तीन में गायब, दो डायग्नोस्टिक सेंटरों पर उठे सवाल, पूर्व विधायक ने किया जांच की मांग

0

◆ पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने जिलाधिकारी को पत्र देकर चन्दन और सिंह डायग्नोस्टिक सेंटर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की


अयोध्या। एक ही मरीज की पांच अल्ट्रासाउंड जांच रिपोर्टों में विरोधाभासी निष्कर्ष सामने आने का मामला उठाते हुए पूर्व विधायक मिल्कीपुर गोरखनाथ बाबा ने जिलाधिकारी को पत्र देकर दो डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में चन्दन डायग्नोस्टिक सेंटर और सिंह डायग्नोस्टिक सेंटर की रिपोर्टों पर सवाल उठाए गए हैं। पूर्व विधायक ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित केंद्रों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

शिकायती पत्र के अनुसार, इनायतनगर थाना क्षेत्र के कटहनपुर निवासी अभिषेक तिवारी के बड़े भाई अखिलेश तिवारी के पेट में दर्द होने पर चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी थी। इसके बाद 17 अगस्त 2026 को रिकाबगंज स्थित चन्दन डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराई गई। पत्र में दावा किया गया है कि इस रिपोर्ट में पित्ताशय में 8.8 एमएम की पथरी होने की पुष्टि की गई थी। इसके आधार पर परिवार ने ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी।

ऑपरेशन से पहले चिकित्सक की सलाह पर 22 अगस्त को दोबारा अल्ट्रासाउंड कराया गया। शिकायत के मुताबिक, गर्ग अल्ट्रासाउंड एंड एक्सरे क्लीनिक की रिपोर्ट में पथरी का कोई लक्षण नहीं मिला। इसके बाद 6 सितंबर को रिकाबगंज स्थित सिंह डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराई गई, जहां रिपोर्ट में फिर पित्ताशय में आठ एमएम की पथरी होने की बात कही गई।

परिजनों ने संदेह दूर करने के लिए 9 सितंबर को वजीरगंज स्थित सत्यम डायग्नोस्टिक सेंटर और 13 सितंबर को लखनऊ के रायबरेली रोड स्थित स्वास्तिका डायग्नोस्टिक सेंटर में भी अल्ट्रासाउंड कराया। शिकायती पत्र के अनुसार, इन दोनों केंद्रों की रिपोर्टों में पित्ताशय में पथरी की पुष्टि नहीं हुई।


रिपोर्टों में अंतर से परिवार परेशान


पत्र में कहा गया है कि पांच जांच रिपोर्टों में दो बार पथरी की पुष्टि हुई, जबकि तीन रिपोर्टों में पथरी नहीं बताई गई। इस अंतर के कारण परिवार को करीब एक महीने तक अलग-अलग केंद्रों पर जांच करानी पड़ी। पूर्व विधायक ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा है कि ऐसी स्थिति में मरीज और उसके परिजनों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ सकती है।


जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच का आग्रह


पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने जिलाधिकारी से चन्दन डायग्नोस्टिक सेंटर और सिंह डायग्नोस्टिक सेंटर की जांच कराने तथा रिपोर्टों में गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायती पत्र के साथ संबंधित जांच रिपोर्टों की छायाप्रतियां संलग्न किए जाने का भी उल्लेख है।

मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रिपोर्टों में अंतर किन कारणों से आया और क्या इसमें किसी प्रकार की चिकित्सकीय या तकनीकी लापरवाही हुई है। फिलहाल, संबंधित केंद्रों का पक्ष और प्रशासन की जांच या कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version