अयोध्या। एटीएम से रुपये निकालने के दौरान मदद मांगना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। मशीन में कार्ड फंसने के बाद बाहर खड़े युवक ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। खुद को एटीएम कर्मचारी बताकर पिन हासिल किया और फिर खाते से 74,019 रुपये निकाल लिए। पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब खाते से रकम निकलने के संदेश मोबाइल पर आने लगे। मामले में कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर दी गई है।
बड़ा रमना जमुनियाबाग निवासी बिजेन्द्र पाल मौर्य ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर की दोपहर वह एटीएम से रुपये निकालने गया था। एक हजार रुपये निकालने के बाद उसका कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक से उसने मदद मांगी। युवक ने एटीएम स्टाफ होने का भरोसा दिलाया और दीवार पर लिखे एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा।
पीड़ित के मुताबिक, फोन करने पर दूसरी ओर से बात कर रहे व्यक्ति ने मशीन का क्लियर और ऊपर वाला बटन एक साथ दबाने का निर्देश दिया। इसके बाद एटीएम पिन डालने को कहा। कई बार प्रयास के बावजूद कार्ड बाहर नहीं निकला। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने मशीन लॉक होने की बात कही। साथ ही बताया कि दो घंटे बाद एटीएम वाहन आएगा और कार्ड निकाल दिया जाएगा।
आरोपियों की बातों पर भरोसा कर पीड़ित घर लौट गया। इसी बीच उसके बैंक खाते से रकम निकालने का सिलसिला शुरू हो गया। जालसाजों ने छह बार दस-दस हजार रुपये निकाले। इसके अलावा 3,840, 2,200 और 7,979 रुपये की निकासी भी की गई। इस तरह खाते से कुल 74,019 रुपये पार हो गए।
पीड़ित ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।