Home Uncategorized जेम बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, सोलर स्टडी लैम्प व...

जेम बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, सोलर स्टडी लैम्प व किट का हुआ वितरण

0

अंबेडकर नगर। एनटीपीसी टांडा द्वारा संचालित बालिका सशक्तीकरण अभियान के तहत सरगम सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित अतिथि और दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिकाओं ने अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कला कौशल का परिचय दिया।

कार्यक्रम में संयुक्ता महिला समिति की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव एवं श्रीमती आभा जाडली ने विशेष रूप से सहभागिता करते हुए बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता ही बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जेम बालिकाओं को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री से युक्त किट वितरित की गई। साथ ही उनकी पढ़ाई में सहायता के लिए सोलर स्टडी लैम्प भी प्रदान किए गए। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूक बनाना है।

कार्यक्रम में एनटीपीसी टांडा के कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा, गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा संघमित्रा परिदा, विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बालिकाओं की प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एनटीपीसी टांडा एवं गरिमा महिला मंडल ने बालिका शिक्षा, सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version