Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने हेतु स्वदेशी मेले में उमड़ा जनसैलाब

स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने हेतु स्वदेशी मेले में उमड़ा जनसैलाब

0

◆ सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा लोहिया भवन परिसर


अंबेडकर नगर। वोकल फॉर लोकल अभियान को जन-जन तक पहुँचाने और स्थानीय कारीगरों व उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लोहिया भवन परिसर,  में आयोजित स्वदेशी मेले में बुधवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 75 जनपदों में एक साथ आयोजित हो रहे यू०पी० इंटरनेशनल ट्रेड शो  स्वदेशी मेला के अंतर्गत इस मेले में छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों, उद्यमियों और व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

मेले में जनपद के विभिन्न कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों द्वारा हस्तनिर्मित वस्त्र, जूट एवं घरेलू उत्पाद, लकड़ी व मिट्टी के शिल्प, हैंडीक्राफ्ट आदि की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इन स्टॉल्स पर लोगों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता को सराहा।

शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें पारंपरिक लोकगायन, लोकनाट्य और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन संध्या पांच बजे से रात्रि आठ बजे तक आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता ने मेले का भ्रमण किया और उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें तथा स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करें।

मेले का संचालन उपायुक्त उद्योग अनूप कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वदेशी मेला 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन खुला रहेगा, जिसमें जनपदवासी न केवल स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद ले सकते हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version