Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर होली पर मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा, 35 किलो छेना कराया नष्ट

होली पर मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा, 35 किलो छेना कराया नष्ट

0

अम्बेडकर नगर। होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रविवार को जिले भर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर मिठाई, खोया और दूध के सात नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

सहायक आयुक्त खाद्य श्रवण कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान कटका बाजार स्थित सुभाष स्वीट हाउस पर अस्वस्थकर परिस्थितियों में रखे लगभग 35 किलोग्राम छेना रसगुल्ले को नमूना लेने के बाद मौके पर ही नष्ट कराया गया। नष्ट की गई मिठाई की अनुमानित कीमत करीब 5600 रुपये बताई गई है।

टीम ने कृषक डेयरी एंड मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट चनकी सम्मनपुर, सिकन्दरपुर बाजार, रफीगंज, सेमरा चौराहा कटका, कटका बाजार और मालीपुर स्थित प्रतिष्ठानों से खोया, दूध, छेना रसगुल्ला व बर्फी के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट में मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार पाण्डेय, दिनेश कुमार राय, चन्द्र प्रकाश यादव, मो. नसीम खान व ओम प्रकाश शामिल रहे। होली से पहले की गई इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version