अंबेडकर नगर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेसियों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्कामुक्की हो गई। कलेक्ट्रेट परिसर के पास हुए विवाद में अकबरपुर कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर सर्वदमन सिंह और कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के बीच भी धक्कामुक्की हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर पुतला फूंकने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति धक्कामुक्की तक पहुंच गई।
इसी दौरान अकबरपुर कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर सर्वदमन सिंह और कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के बीच भी धक्कामुक्की होने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद की चर्चा पूरे जिला मुख्यालय में रही।