Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में देरी पर मंडलायुक्त सख्त

चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में देरी पर मंडलायुक्त सख्त

0

अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में हो रही देरी और गुणवत्ता संबंधी मामलों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने की चेतावनी दी।

आयुक्त सभागार में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, अपर आयुक्त अजयकांत सैनी सहित मंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को एक माह के भीतर कार्यदायी संस्थाओं से गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तथा संबंधित कर्मचारियों का मानदेय समय से भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना में अयोध्या के बेहतर प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। फैमिली आईडी योजना में अयोध्या और अमेठी के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की गई, जबकि बाराबंकी को 15वें वित्त आयोग के कार्यों में सुधार के निर्देश दिए गए।

पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर और रायबरेली मार्ग पर बनाए जा रहे प्रवेश द्वारों सहित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरे करने को कहा गया। नई सड़क निर्माण परियोजनाओं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आईसीडीएस एवं पोषण मिशन तथा सीएमआईएस के लंबित निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं के साथ अलग से बैठक कर सभी लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा में बाराबंकी की बाढ़ की स्थिति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, फार्मर रजिस्ट्री और कृषि यंत्र बुकिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। सहकारिता विभाग को निर्देश दिए गए कि किसी भी केंद्र पर खाद की उपलब्धता शून्य न होने पाए। मत्स्य पालन योजना के तहत अधिक से अधिक तालाबों का आवंटन कर ग्रामीणों की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

निराश्रित गोवंश संरक्षण की समीक्षा में प्रत्येक जनपद में बड़ी गौशालाओं की स्थापना के प्रस्ताव भेजने, गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने, गोवंशों की ईयर टैगिंग और एफएमडी टीकाकरण समय पर कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, स्वच्छ भारत मिशन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना तथा जीरो पॉवर्टी अभियान की भी समीक्षा की गई।

राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने आईजीआरएस पर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, राजस्व अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा ई-फाइल प्रणाली को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने सभी प्रमुख एवं संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त रखने और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के अंत में यूनिसेफ एवं यूएनडीपी के सहयोग से संचालित बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने शत-प्रतिशत बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने तथा सभी संबंधित सूचनाएं पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version