Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लॉक परिसर का किया निरीक्षण

मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लॉक परिसर का किया निरीक्षण

0

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। शुक्रवार दोपहर मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला ने जलालपुर विकास खंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर से लेकर बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय और पशु विभाग तक की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान कई अनियमितताओं पर गंभीर नाराजगी जाहिर की गई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई गई।

सीडीओ ने सबसे पहले ब्लॉक परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने तत्काल स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने समूह से जुड़ी सुशीला देवी से कैंटीन संचालन की जानकारी ली और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक परिसर में कई माह से अधूरा पड़ा शौचालय निर्माण सीडीओ के निशाने पर रहा। उन्होंने कड़े शब्दों में नाराजगी व्यक्त करते हुए सवाल किया कि “जब यहां शौचालय ही नहीं है, तो महिलाएं कहां जाती होंगी?” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके उपरांत सीडीओ बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय पहुंचे, जहां कोठीभार विकास समूह की कार्यकर्ता बिंदु व कृष्णावती ने कई माह से मानदेय न मिलने की शिकायत की। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

पशु अस्पताल में निरीक्षण के दौरान भी गड़बड़ियां सामने आईं। डॉ. विनोद कुमार यादव को फटकार लगाते हुए सीडीओ ने पूछा कि “शेखपुरा राजकुमारी गौशाला में बिना टैग के जानवर कैसे रह रहे हैं?” साथ ही उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और देखभाल की स्थिति की भी जांच की।

पशुधन प्रसार अधिकारी कविता से जब विभागीय कार्यों की जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया और गोद में बच्चा लिए कार्य में उपस्थित थीं, जिससे सीडीओ ने कार्य में लापरवाही बरतने पर नाराजगी जाहिर की।

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी आलोक दत्त उपाध्याय, एडीओ पंचायत बृजेश त्रिपाठी, नगपुर पशु चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश, अनिल त्रिपाठी, सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version