Home Uncategorized STF की मुठभेड़ में दो लाख का इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह...

STF की मुठभेड़ में दो लाख का इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह ढेर

0
ayodhya samachar

अयोध्या। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने बुधवार देर रात अयोध्या जनपद के थाना महाराजगंज क्षेत्र स्थित ऐमीपुर घाट तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में दो लाख रुपये के इनामी और कई जनपदों में वांछित कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को मार गिराया। गोली लगने से घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार भानु प्रताप सिंह पर विभिन्न जनपदों में कुल लगभग दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसमें आजमगढ़ से एक लाख रुपये, अंबेडकरनगर से 50 हजार रुपये, गोरखपुर से 25 हजार रुपये तथा बस्ती से 15 हजार रुपये का इनाम शामिल था।

मूल रूप से गोरखपुर जनपद के बेलघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विधनापार निवासी भानु प्रताप सिंह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसके विरुद्ध हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

एसटीएफ को उसके अयोध्या क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद घेराबंदी के दौरान बदमाश और एसटीएफ टीम के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version