Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शौच के लिए निकली बीए छात्रा लापता, नहर किनारे मिली चप्पल और...

शौच के लिए निकली बीए छात्रा लापता, नहर किनारे मिली चप्पल और दुपट्टा; एसडीआरएफ ने चलाया सर्च अभियान

0

जलालपुर अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिसारा गांव के मजरे टड़वा की रहने वाली बीए तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति गुरुवार सुबह घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो गांव के पास शारदा सहायक नहर के किनारे उसकी चप्पल और दुपट्टा पड़ा मिला। इससे युवती के नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों ने कई घंटों तक नहर में तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। दोपहर बाद अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक सर्च अभियान चलाया, फिर भी युवती का कोई सुराग नहीं लग सका।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राम प्रताप और माता सरोजा गहरे सदमे में हैं। प्रीति तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी है। उसकी बहनें प्रियांशी और प्रिया तथा भाई गुलशन भी अनहोनी की आशंका से व्यथित हैं। परिजनों के अनुसार, पिता उसकी शादी के लिए रिश्ते की तलाश कर रहे थे।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील की है। क्षेत्राधिकारी सिटी नीतीश तिवारी ने बताया कि युवती की तलाश के लिए शारदा सहायक नहर में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवती के मिलने के बाद ही घटना के संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से खोजबीन में जुटी हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version