◆ पांचवें अंतरराष्ट्रीय नदी सम्मेलन का शुभारंभ, जल संरक्षण और नदी प्रबंधन पर देश-विदेश के विशेषज्ञों ने रखे विचार
◆ जल है तो जीवन है, जल है तो कल है : केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में शुक्रवार को पांचवें अंतरराष्ट्रीय नदी सम्मेलन (आईआरसी-5) का शुभारंभ हुआ। इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिवर अफेयर्स की ओर से 27 एवं 28 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने नदी संरक्षण, जल प्रबंधन और नदियों के सतत विकास पर मंथन किया। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘नदी प्रशासन का एकीकरण : नीति से व्यवहार तक’ रखा गया है। इस दौरान कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने विश्वविद्यालय में सरयू नदी शोध केंद्र स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्य अतिथि भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने कहा कि भारत में नदियों को जीवन और आस्था का प्रतीक मानकर मां का दर्जा दिया गया है। जल है तो जीवन है और जल है तो कल है। वैश्विक तापमान में वृद्धि का असर नदियों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में जल संरक्षण और नदियों को प्रदूषण से बचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत शुरू की गई 500 परियोजनाओं में से 365 पूरी हो चुकी हैं।
अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि नदियां केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। जल संकट की गंभीरता को देखते हुए संरक्षण के लिए ठोस प्रयास करने होंगे। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में विश्व युद्ध का कारण पानी भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि नदी का संरक्षण धर्म, जल का संरक्षण अगली पीढ़ी की सुरक्षा और संस्कृति का संरक्षण राष्ट्र के भविष्य की रक्षा है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वच्छता, जल संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी होगी। सरयू नदी का संरक्षण सामूहिक चेतना का हिस्सा बनना चाहिए।
नेपाल सरकार के कृषि, वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पदम प्रसाद अधिकारी ने जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाओं और नेपाल की नदियों से जुड़ी सिंचाई विकास योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नदियों का प्रदूषण जलीय जीवों के पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावित करता है। इसलिए जल की गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है।
सम्मेलन के संयोजक एवं एसएआईएआरडी रिसर्च ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. बीआर चौधरी ने कहा कि नदी केवल जल प्रवाह का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों का भी आधार है। सरयू नदी अयोध्या की आजीविका, सभ्यता और संस्कृति से जुड़ी है। सामूहिक प्रयासों से नदी से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। सह-संयोजक एवं पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद चौधरी ने धार्मिक गतिविधियों के सरयू नदी पर पड़ने वाले पर्यावरणीय प्रभावों, जल गुणवत्ता और प्रदूषण के वैज्ञानिक आकलन की आवश्यकता बताई।
डीन प्रो. एसएस मिश्रा ने भगवद्गीता और अथर्ववेद का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में धरती को माता और जल को पिता का स्थान दिया गया है। नदियों की स्वच्छता के लिए सरकारी प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष एवं विद्युत मंत्रालय के प्रतिनिधि मनोज त्रिपाठी ने सरयू के भौगोलिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके उद्गम स्थल के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर ‘द रिवर डाइजेस्ट’ पत्रिका का विमोचन किया गया। नदी संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में योगदान के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड को बेस्ट रिवर गवर्नेंस अवॉर्ड और अयोध्या नगर निगम को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। बेस्ट रिवर साइंटिस्ट अवॉर्ड डॉ. अनुपमा दुबे, इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस अवॉर्ड नेहारी ब्रह्मपुत्र बोर्ड, प्रो. एसआर बसु मेमोरियल अवॉर्ड डॉ. बीआर चौधरी, बेस्ट रिवर फोटोग्राफर अवॉर्ड नयन सरकार तथा एक्सीलेंस इन पेंटिंग अवॉर्ड एमडी मिजानुर खान को दिया गया। कार्यक्रम का संचालन कुंडू ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन आनंद दुबे ने प्रस्तुत किया। अंत में ऋषभ राज की ओर से सरयू नदी पर निर्मित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया।