Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज जिलाध्यक्ष ने थाने पर दिया...

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज जिलाध्यक्ष ने थाने पर दिया धरना, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

0

अम्बेडकर नगर। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रिंकल सिंह ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मंगलवार को थाने पर धरना दिया। वह अपने पति भाजपा नेता संजय सिंह और बेटे के साथ महरुआ थाने पर बैठ गईं। उनका आरोप है कि विपक्षियों  उनके पति व उनपर हमले के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है और आरोपियों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

धरना प्रदर्शन के दौरान रिंकल सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद महिला पुलिस उन्हें थाने से जिला मुख्यालय ले गई और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता उनका हाल जानने पहुंचे।


गांव के तालाब पर मेढ़ को लेकर हुआ विवाद


रिंकल सिंह ने बताया कि पांच दिन पहले उनके गांव जैतूपुर में कुछ लोग गांव के सार्वजनिक तालाब में मेढ़ बना रहे थे, जबकि उस तालाब में जैतूपुर समेत दो अन्य गांवों का पानी एकत्र होता है। उन्होंने इसका विरोध किया तो विपक्षी गाली-गलौज पर उतर आए और असलहा लेकर उनके घर में घुसकर उन्हें व उनके पति संजय सिंह से मारपीट की।


पुलिस पर आरोप — मुकदमा तो दर्ज, लेकिन गिरफ्तारी नहीं


रिंकल सिंह का कहना है कि महरुआ पुलिस ने मामले में मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। इससे आरोपी पक्ष और अधिक हिम्मत में आ गया है और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी वह थाने पर धरना देने गई थीं, तब पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें वहां से हटा दिया। लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो मंगलवार को उन्होंने दोबारा धरने की राह पकड़ी।


भाजपा नेताओं पर भी लगाया आरोप


रिंकल सिंह ने इस पूरे मामले में भाजपा के जिलाध्यक्ष पर भी विपक्षियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राजनीतिक दबाव में आकर पुलिस कार्रवाई से बच रही है। धरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद व कीछौछा के चेयरमैन ओमकार गुप्ता थाने पहुंचे और जानकारियां ली।


पुलिस की सफाई—एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी


सीओ भीटी लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बाकी पहलुओं की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version