अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक कर आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और कुपोषण मुक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और बाला पेंटिंग का कार्य 15 दिन में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। 2023-24 के अधूरे निर्माण कार्य एक माह में तथा 2024-25 के लिए 100 दिन में पूरे करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक विद्यालयों या सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाए। 85 प्राथमिक विद्यालयों में स्थानांतरित किए जाने योग्य 45 आंगनबाड़ी केंद्रों का पुनः परीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
‘संभव अभियान’ (1 जुलाई से 30 सितंबर) की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गंभीर कुपोषित बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही। वर्तमान में अयोध्या इस अभियान की प्रदेशीय रैंकिंग में 11वें स्थान पर है।
स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत अयोध्याधाम में स्वीकृत 70 नए आंगनबाड़ी भवनों के 1 अगस्त को राज्यपाल द्वारा शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारी के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीएमओ, बीएसए, डीपीआरओ, परियोजना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।