Thursday, July 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासीवर टैंक में उतरे तीन मजदूरों में दो की मौत, एक की...

सीवर टैंक में उतरे तीन मजदूरों में दो की मौत, एक की हालत गंभीर


◆ बिना सेफ्टी किट के उतरे थे नीचे, जहरीली गैस बनी मौत का कारण


अम्बेडकर नगर। महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब सीवर टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूर अचानक बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक का इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज परिसर में बने सीवर टैंक की सफाई के लिए वेंडर के माध्यम से कुछ मजदूर बुलाए गए थे। दोपहर करीब तीन मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतर गए। अंदर उतरते ही तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। आशंका जताई जा रही है कि अंदर जहरीली गैस का रिसाव हुआ, जिससे दम घुटने लगा।

सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेसीबी मंगवाकर टैंक का ऊपरी हिस्सा तोड़ा गया और तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों की पहचान रामपुर कला टांडा निवासी मनीराम और आलापुर निवासी देवेंद्र के रूप में हुई है, जबकि घायल मजदूर का नाम सुरेंद्र निवासी रामपुर कला बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूर बिना सुरक्षा उपकरण के सीवर में उतरे थे। संभावना है कि जहरीली गैस के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि वेंडर द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी वेंडर की होती है, और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments