जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई। परिवार वालों की सूझ-बूझ से मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथ आए दो अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए।
आरोप के अनुसार दीपक मिश्र पुत्र महेन्द्र मिश्र, निवासी तेन्दुआई कला, थाना राजेसुल्तानपुर, सोमवार को युवती के घर पहुंचा और जबरन उसका हाथ पकड़कर बाहर खींचने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी।
शोर सुनकर जब युवती की मां और भाई मौके पर पहुंचे, तो दीपक के साथ आए दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मारपीट करने लगे। हंगामा बढ़ता देख दोनों हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने दीपक मिश्र को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
एक वर्ष से सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि दीपक मिश्र पिछले एक वर्ष से सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इसकी शिकायत 1090 और स्थानीय थाने में पहले भी की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई न होने से आरोपी के हौसले बढ़े हुए थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी से परिवार की जान को गंभीर खतरा है और पुलिस से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने कहा—कानूनी कार्रवाई जारी
इस संबंध में थाना अध्यक्ष थीरेंद्र आज़ाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है तथा पीड़ित परिवार न्याय और सुरक्षा की मांग कर रहा है।