Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सरयू की लहरों में फंसे पति-पत्नी, स्थानीय गोताखोरों ने बचाई जान

सरयू की लहरों में फंसे पति-पत्नी, स्थानीय गोताखोरों ने बचाई जान

0
ayodhya samachar

◆ मध्य प्रदेश से अयोध्या घूमने आए थे दंपती, गुप्तारघाट पर स्नान के दौरान हुआ हादसा


अयोध्या। गुप्तारघाट पर सरयू नदी में स्नान के दौरान एक दंपती डूबने लगा। पत्नी को नदी की धारा में फंसता देख पति ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस कोशिश में वह खुद भी बहाव की चपेट में आ गया। दोनों को डूबता देख मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद दंपती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश निवासी सुधीर श्रीवास्तव अपनी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव के साथ अयोध्या भ्रमण पर आए थे। दोनों गुप्तारघाट पर दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान सरयू में स्नान करते समय अर्चना नदी के बहाव में फंसकर डूबने लगीं। पत्नी को संकट में देख सुधीर ने उनकी चुनरी का एक सिरा उनके हाथ में और दूसरा सिरा अपने हाथ में बांधकर उन्हें खींचने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव के कारण वह भी नदी में खिंचते चले गए।

घटना देखकर घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दंपती के हाथों में कपड़ा बंधा देखकर कुछ लोगों को उनके नदी में कूदने का संदेह भी हुआ। हालांकि, स्थानीय गोताखोरों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और दोनों को नदी से बाहर निकाल लिया।

कैंट थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि महिला को डूबता देख उसके पति ने चुनरी के सहारे उसे बचाने की कोशिश की थी। इस दौरान दोनों नदी के बहाव में चले गए। स्थानीय गोताखोरों की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया। बाहर आने के बाद दंपती ने घटनाक्रम की जानकारी दी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version