अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के संदेश के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लीला हरि फाउंडेशन के सहयोग से विश्वविद्यालय के ‘कलार्थ जीवंत वाटिका’ में 35 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. विजेंद्र सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या नगर निगम के महापौर की पत्नी राजलक्ष्मी त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) डॉ. आर.पी. सिंह उपस्थित रहे।
कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में लगातार वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में विश्वविद्यालय परिसर में एक सुंदर तालाब और विकसित वाटिका का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने लीला हरि फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
मुख्य अतिथि राजलक्ष्मी त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाने से न केवल वातावरण शुद्ध होगा, बल्कि जीव-जंतुओं और पक्षियों को भी सुरक्षित आवास मिलेगा तथा मानव समाज स्वस्थ रहेगा।
विशिष्ट अतिथि एआरटीओ डॉ. आर.पी. सिंह ने बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़कों के किनारे, सार्वजनिक स्थलों और खुले मैदानों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से पीपल और नीम जैसे पर्यावरण हितैषी वृक्ष लगाने पर बल दिया।
लीला हरि फाउंडेशन की प्रतिनिधि कुमारी निहारिका श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है। उन्होंने कहा कि वृक्षों की कमी के कारण कई पक्षी और वन्य जीव प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में पौधरोपण के साथ जल संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में 35 पौधे लगाए गए और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
विश्वविद्यालय के डॉ. विनोद श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने इस आयोजन के लिए लीला हरि फाउंडेशन की सराहना की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह एवं अन्य अतिथियों ने “वृक्षलगाओ, देशबचाओ“ संदेश अंकित पोस्टर को गुब्बारों के साथ आकाश में छोड़कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद अतिथियों, विश्वविद्यालय परिवार और फाउंडेशन के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।