◆ डॉ. रमेशकुमारमिश्राकोजिलामंत्रीकीजिम्मेदारी, प्रधानाचार्योंकीसमस्याओंकेसमाधानऔरतदर्थप्रधानाचार्योंकेविनियमितीकरणपरहुईचर्चा
अयोध्या। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की नई जिला कार्यकारिणी का शनिवार को सर्वसम्मति से गठन कर दिया गया। शहर के मेथाडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित परिषद की आमसभा में हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामप्रिया शरण सिंह को जिलाध्यक्ष तथा राष्ट्रीय विद्यापीठ इंटर कॉलेज, पिठला के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश कुमार मिश्रा को जिला मंत्री चुना गया।
नई कार्यकारिणी में परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं एसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मणि शंकर तिवारी को संरक्षक बनाया गया। वहीं द्वापर विद्यापीठ इंटर कॉलेज, बरईपारा (मया) के प्रधानाचार्य सुनील कुमार द्विवेदी को जिला कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। एमएलएमएल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. उदयभान सिंह को जिला कोषाध्यक्ष तथा साहबदीन सीताराम स्कूल की प्रधानाचार्या ममता निषाद को आय-व्यय निरीक्षक बनाया गया। इसके अलावा तीन महिला उपाध्यक्ष सहित दस उपाध्यक्ष और अन्य पदों पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दायित्व सौंपे गए।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मणि शंकर तिवारी ने की। इस दौरान जिला मंत्री रामप्रिया शरण सिंह ने पिछली बैठक की कार्यवाही सदन के समक्ष प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। इसके बाद प्रधानाचार्यों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि शिक्षा विभाग स्तर पर समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो परिषद आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगी। साथ ही परिषद का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही प्रदेश के वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों से मिलकर समस्याओं से अवगत कराएगा।
आमसभा में तदर्थ प्रधानाचार्यों के स्थायीकरण एवं विनियमितीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मणि शंकर तिवारी और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने इस संबंध में परिषद द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तदर्थ प्रधानाचार्यों के विनियमितीकरण के लिए परिषद लगातार शासन स्तर पर प्रयासरत है। इस पर उपस्थित सदस्यों ने अपने सुझाव भी दिए और परिषद के प्रयासों का समर्थन किया।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सदस्य संख्या बढ़ाने पर भी सहमति बनी। इसके लिए जिलेभर में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक का संचालन जिला मंत्री रामप्रिया शरण सिंह ने किया। इस अवसर पर परिषद के संरक्षक डॉ. राम सुरेश मिश्रा, डॉ. शिव कुमार मिश्रा सहित जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।