Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियों परखने सोमवार को अयोध्या आएंगे मुख्यमंत्री योगी

दीपोत्सव की तैयारियों परखने सोमवार को अयोध्या आएंगे मुख्यमंत्री योगी

0

◆ हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन, राम की पैड़ी, रामकथा पार्क व सरयू आरती स्थल का लेंगे जायजा


अयोध्या। दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या पहुंचेंगे। दोपहर एक बजे तक उनके यहां आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद राम की पैड़ी, रामकथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखेंगे। पीएफसी सभागार में अधिकारियों के साथ दीपोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दीपोत्सव के मुख्य अतिथियों और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। उनके आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने रविवार को कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश से तैयारियों पर कुछ असर पड़ा था, लेकिन पहले से चल रहे कार्यों के कारण कोई बड़ी समस्या नहीं आई है। सभी तैयारियां निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण में यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।


सुरक्षा और यातायात के लिए व्यापक इंतजाम


एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दीपोत्सव क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था के लिए इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। आयोजन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। येलो जोन कंट्रोल रूम के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी बनाया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया गया है। विशेष सुरक्षा एजेंसियों की भी तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि दीपोत्सव और मुख्यमंत्री के वीआईपी दौरे को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version