अयोध्या। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह रविवार को अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जिलाध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को पकड़ने के नाम पर करीब 13 करोड़ मतदाताओं के वोट काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य वोट चोरी के मुद्दे को उठाना और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है।
सपा नेता आजम खान की गिरफ्तारी पर संजय सिंह ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र में भय और दबाव का माहौल पैदा करती है। उन्होंने इसे तानाशाहीपूर्ण रवैया करार दिया और कानून के निष्पक्ष इस्तेमाल की मांग की।
स्वागत करने वालों में आप के प्रदेश अध्यक्ष (ASAP) वंशराज दुबे, संत आलोक द्विवेदी, राजीव पाठक, यूके द्विवेदी और अखिलेश गौतम समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति ने सभी का आभार जताया।