Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या150 साल पुराने काली चौरा का होगा कायाकल्प, वार्ड में सुधरेगी सफाई...

150 साल पुराने काली चौरा का होगा कायाकल्प, वार्ड में सुधरेगी सफाई व रोशनी व्यवस्था

अयोध्या। वीर अब्दुल हमीद वार्ड की ऐतिहासिक विरासत काली चौरा का कायाकल्प होने जा रहा है। 150 वर्ष पुराने इस स्थल की फर्श अब नगर निगम बनवाएगा, वहीं वार्ड की प्रकाश व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। यह घोषणा महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने गुरुवार को ‘नगर की सरकार, आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान की। लगभग दो घंटे चले निरीक्षण में उन्होंने मोहल्ले की गलियों से लेकर मंदिरों और ट्यूबवेल तक निरीक्षण किया और जनता की समस्याएं सुनीं।

महापौर ने वार्ड में सफाई, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, नाली और सीवर संबंधी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत सुबह 7:45 बजे अपर नगर आयुक्त नागेंद्र नाथ व नगर निगम टीम के साथ हुई। सफाई की स्थिति पर युवक काजिम से जानकारी ली, तो सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। रास्ते में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद आरिफ और भाजपा से जुड़े मोनू मिर्जा से मुलाकात कर फीडबैक लिया।

महापौर ने नाली में भरी मिट्टी, खुले नाले, खराब हैंडपंप और जाम नाले पर तेवर तल्ख दिखाए और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के आदेश दिए। रामकुमार सुमन द्वारा गली में रोशनी की मांग पर महापौर ने आठ सोलर लाइट और तीन विद्युत पोल लगवाने का आश्वासन दिया। वहीं, कन्हैयालाल के घर पानी न आने की शिकायत पर नई पाइपलाइन डालने का निर्देश जलकल विभाग को दिया।

काली माता मंदिर, अफीम की कोठी, इमामबाड़ा वाली गली, और अरुण यादव के घर के पास की सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पूर्व सैनिक श्याम मोहन, बब्बन प्रसाद, और अन्य नागरिकों ने नाले में फैली दुर्गंध की शिकायत की, जिस पर महापौर ने सीवर पाइपलाइन को नाले के नीचे दबाने का आदेश दिया।

महापौर त्रिपाठी ने काली चौरा के संपूर्ण कायाकल्प का वादा करते हुए कहा कि वार्ड की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “नगर की सरकार अब कागजों पर नहीं, जमीन पर उतरकर आपके द्वार तक पहुंच रही है।

निरीक्षण के दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, सीपी श्रीवास्तव, ज्ञानेश्वर भट्ट, शैलेंद्र शैलू, स्वप्निल श्रीवास्तव, नीता शर्मा समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments