Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर ज्वैलरी लूट की झूठी कहानी रचने वाला युवक गिरफ्तार

ज्वैलरी लूट की झूठी कहानी रचने वाला युवक गिरफ्तार

0

अम्बेडकर नगर। बसखारी थाना क्षेत्र में ज्वैलरी लूट की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। एसओजी व बसखारी पुलिस की संयुक्त टीम ने महज 10 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और 73.24 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए।

पुलिस के अनुसार आलापुर थाना क्षेत्र के विमावल निवासी रोहित शर्मा, जिसकी रामनगर में ज्वैलरी की दुकान है, ने 4 अप्रैल को सूचना दी थी कि वह बसखारी कस्बे से आभूषण लेकर लौट रहा था तभी बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उससे आभूषण लूट लिए। घटना की सूचना में देरी और सीसीटीवी फुटेज में तथ्य पुष्ट न होने पर पुलिस को संदेह हुआ।

इसी बीच बसखारी निवासी कारोबारी मनोज सोनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि रोहित उसकी दुकान से आभूषण लेकर गया था और अब लूट की झूठी कहानी बना रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में रोहित ने साजिश का खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने साथी साहित्य कुमार तिवारी उर्फ राजन तिवारी के साथ मिलकर आभूषण हड़पने की योजना बनाई थी। दोनों ने मिलकर आभूषण छिपा दिए और पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अन्नापुर मोड़ के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 73.24 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए। बरामदगी में हार, अंगूठी, नथिया, झुमका, चैन व अन्य जेवर शामिल हैं। गिरफ्तार रोहित शर्मा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version