जलालपुर, अंबेडकर नगर। अकबरपुर-बसखारी मार्ग पर बीती रात अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से उसके नीचे दबकर 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, पेठियां गांव निवासी पंकज पुत्र सुभाष चंद्र (25) अपने साथी अभय के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर जा रहा था। इसी दौरान अकबरपुर-बसखारी मार्ग पर अचानक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दोनों युवक ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर सदरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभय का उपचार शुरू कर दिया।
पंकज के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार की जीविका चलाने के लिए वह अपने दादा, मां और भाइयों के साथ रहता था तथा ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। वह दो भाई मैं सबसे बड़ा था इसकी शादी भी तय होने वाली थी । दादा सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि बहन की शादी पहले ही हो चुकी है। परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे पंकज की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।