जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 22 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में पुलिस ने युवक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच के साथ युवती की तलाश में जुटी है।
परिजनों के अनुसार युवती नौ सितंबर की दोपहर करीब ढाई बजे घर से गांव जाने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजनों का आरोप है कि युवती की क्षेत्र के हरीश सिंह उर्फ हर्ष से बातचीत होती थी। मना करने के बावजूद दोनों चोरी-छिपे बातचीत करते थे। आरोप है कि हरीश सिंह उर्फ हर्ष युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर में शिवम, अभिषेक मिश्रा और शांति कन्नौजिया पर भी युवती को ले जाने में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों के मुताबिक युवती घर से सोने की एक चेन, एक जोड़ी झुमके और पांच हजार रुपये नकद भी लेकर गई है। शिकायत के आधार पर जैतपुर पुलिस ने हरीश सिंह उर्फ हर्ष समेत चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।