अयोध्या। सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में मोदहा चौराहा-मऊशिवाला मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। 2.805 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 30.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना के लिए 3.06 करोड़ रुपये आवंटित भी कर दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि शासन से परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार वित्त समिति ने 30.61 करोड़ रुपये की लागत अनुमोदित की है। इसमें निर्माण के साथ पांच वर्ष का अनुरक्षण भी शामिल है। इससे निर्माण के बाद भी सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है कि तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण और यूटिलिटी शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना पर काम शुरू होगा।
मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। जाम की समस्या कम होने के साथ बड़े वाहनों की आवाजाही भी आसान होगी। इसका लाभ आसपास के गांवों के किसानों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता शशांक पाण्डेय ने बताया कि सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में बढ़ती आवाजाही के बीच सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मार्ग के विकास से स्थानीय आवागमन के साथ क्षेत्र की व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।