Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर अयोध्या में निकली भव्य...

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर अयोध्या में निकली भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा, भक्ति और उल्लास में सराबोर हुई रामनगरी

0

अयोध्या। प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में अयोध्या में भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। गुरु महाराज के जयकारों, भजन-कीर्तन और सेवा के भाव से सराबोर शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। गुरुद्वारा गुर सिंह सभा की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा में सिख समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।

सुसज्जित पालकी साहिब में गुरु महाराज का स्वरूप विराजमान रहा। श्रद्धालु पालकी साहिब के आगे भजन-कीर्तन करते हुए गुरु महिमा का गुणगान कर रहे थे। शोभायात्रा में पंज प्यारे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। घोड़ों पर सवार बच्चों ने भी पंज प्यारों के स्वरूप में शामिल होकर लोगों का मन मोह लिया। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया और गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

चौक बाजार, फतेहगंज, खिड़की अलीबेग और रिकाबगंज सहित विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पंजाब और जालंधर से पहुंची भंगड़ा पार्टी ने पारंपरिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। वहीं पंजाब और अमृतसर से आई गतका पार्टी के कलाकारों ने पारंपरिक सिख युद्धकला के हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया।

खिड़की अलीबेग में राजेंद्र सिंह छाबड़ा, प्रतिपाल सिंह पाली, सु्प्रीत कपूर सहित अन्य लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई। सेवा और समर्पण की भावना के साथ लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version