Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 22 नवंबर को शाम छह बजे बजेगा सायरन, अयोध्या में होगा ब्लैकआउट...

22 नवंबर को शाम छह बजे बजेगा सायरन, अयोध्या में होगा ब्लैकआउट का मॉक ड्रिल

0
ayodhya samachar

◆ सिविल लाइन चौराहे पर होगा एयर रेड अभ्यास, नागरिकों से घबराने के बजाय सहयोग की अपील


अयोध्या। जनपद में रविवार 22 नवंबर को शाम छह बजे सायरन बजने के साथ ब्लैकआउट का अभ्यास किया जाएगा। सिविल डिफेंस एयर रेड एवं मॉक एक्सरसाइज-2026 के तहत सिविल लाइन चौराहे पर आयोजित होने वाले इस पूर्वाभ्यास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभ्यास के दौरान निर्धारित अवधि तक घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखनी होंगी, ताकि बाहर रोशनी दिखाई न दे।

सिविल डिफेंस उप नियंत्रक एवं अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मॉक एक्सरसाइज को प्रभावी, व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। पुलिस, नागरिक सुरक्षा, विद्युत, अग्निशमन, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का तत्परता से निर्वहन करने को कहा गया।

उप नियंत्रक दिनेश ने बताया कि रविवार शाम छह बजे सिविल लाइन चौराहे पर सायरन के साथ एयर रेड एवं ब्लैकआउट का अभ्यास शुरू होगा। इसके तहत नागरिकों को अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखनी होंगी। रोशनी बाहर दिखाई न दे, इसके लिए भी आवश्यक सावधानी बरतनी होगी।


अफवाहों से बचें, घबराने की जरूरत नहीं


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सायरन की आवाज सुनकर नागरिक घबराएं नहीं। यह किसी वास्तविक आपातस्थिति का संकेत नहीं, बल्कि आपातकालीन सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आयोजित पूर्वाभ्यास है। अपर जिलाधिकारी नगर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और मॉक एक्सरसाइज को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राधेश्याम राय, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण आतिश कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषिपाल सिंह, नागरिक सुरक्षा विभाग के डिप्टी चीफ वार्डन अनूप मल्होत्रा, डिविजनल वार्डन उत्तम बंसल, सेक्टर वार्डन इंद्रप्रीत सिंह बेदी, अमित सिंह, रिशु अग्रवाल, ओमेंद्र कुमार सिंह, अमित कुमार, आपदा विशेषज्ञ यथार्थ तिवारी, सुरेश कुमार, कमलेश कुमार द्विवेदी सहित पुलिस, यातायात, विद्युत, अग्निशमन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version