अयोध्या। देवउठनी एकादशी के अवसर पर शनिवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रामनगरी पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। उनके साथ योग गुरु एवं पतंजलि योगपीठ के सह-संस्थापक बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। दोनों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गोंडा से अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने बाबा रामदेव के साथ राम मंदिर के गेट नंबर-11 से परिसर में प्रवेश किया। गर्भगृह में रामलला के समक्ष पूजा-अर्चना के बाद दोनों कुछ देर मंदिर परिसर में रहे। इसके बाद एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में दर्शन नहीं किए।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवउठनी एकादशी के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता है कि आज के दिन महादेव भगवान विष्णु को अपनी सत्ता सौंपते हैं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर गोंडा से अयोध्या आकर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि सात पवित्र नगरियों में शामिल अयोध्या, मां सरयू का तट और भगवान श्रीराम की लीलाओं से जुड़ी भूमि अद्भुत है। सनातन संस्कृति में भगवान श्रीराम का जीवन घर-घर में स्मरण और पूजित किया जाता है। उन्होंने देवउठनी एकादशी के अवसर पर उत्तर प्रदेश सहित देश और मध्य प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।