◆ बस्ती जाते समय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का हुआ स्वागत
अयोध्या। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को अयोध्या पहुंचे। अयोध्या बाईपास पर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अजय राय यहां से बस्ती में आयोजित ‘संविधान बचाओ रैली’ में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
अजय राय ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, यह घटना अत्यंत दुखद है। सरकार को इसका करारा जवाब देना चाहिए। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाए जाने के फैसले का भी समर्थन किया और कहा,
देश के खिलाफ जो भी गतिविधियां हों, उन पर सख्त प्रतिबंध लगना चाहिए। देश के साथ जनता और कांग्रेस पार्टी मजबूती से खड़ी है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राहुल गांधी जल्द ही अमेठी और रायबरेली दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह पहलगाम हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिलकर संवेदना भी प्रकट करेंगे। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी अजय राय ने बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा,”उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। जनता असुरक्षित महसूस कर रही है और सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है।”
स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।