Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर सीएचसी की इमरजेंसी में पानी का संकट, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

सीएचसी की इमरजेंसी में पानी का संकट, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में पिछले कई सप्ताह से पानी की सप्लाई बाधित है। इसके चलते जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि मरीजों का उपचार करने के बाद हाथ धोने और शौचालय के इस्तेमाल तक के लिए पानी उपलब्ध नहीं है।

मंगलवार 11 नवंबर को पानी की समस्या को लेकर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. भास्कर का आक्रोश सामने आ गया। बताया जाता है कि ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ के बीच इमरजेंसी कक्ष में पानी की आपूर्ति नहीं होने से नाराज चिकित्सक कुछ समय के लिए अपनी ड्यूटी छोड़कर बाहर चले गए। चिकित्सक के ड्यूटी से हटने के कारण इमरजेंसी में उपचार कराने पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर पानी की आपूर्ति बाधित होने से स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। संक्रमण से बचाव के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का बार-बार हाथ धोना बेहद जरूरी है, लेकिन पानी की उपलब्धता नहीं होने से इस बुनियादी आवश्यकता को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है।

मामले की जानकारी होने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके बादल ने जल्द से जल्द पानी की सप्लाई दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित चिकित्सक से मरीजों के हित को देखते हुए दोबारा ड्यूटी पर लौटने का अनुरोध किया। इसके बाद चिकित्सक वापस इमरजेंसी कक्ष पहुंचे और मरीजों का उपचार शुरू किया।

अब सवाल यह है कि कई सप्ताह से बनी पानी की समस्या का समाधान अब तक क्यों नहीं हो सका? अस्पताल प्रशासन की ओर से समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराए जाने का खामियाजा आखिर मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को क्यों भुगतना पड़ रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version