जैतपुर, अंबेडकरनगर। सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक से घर लौट रहे युवक की ट्रैक्टर से हुई भिड़ंत में दायां पैर घुटने के पास से कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को लेकर परिजन अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। उपचार की व्यवस्था में व्यस्त रहने के चलते परिवार की ओर से बाद में पुलिस को नामजद तहरीर दी गई।
जैतपुर थाना क्षेत्र के दौलताबाद निवासी प्रेमेश चौहान सात नवंबर को बंदीपुर बाजार से बाइक से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में मधई पट्टी के पास बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक जमालुद्दीन वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। दुर्घटना में प्रेमेश का दायां पैर घुटने के पास से कटकर अलग हो गया। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर जलालपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन उन्हें आजमगढ़ के विजय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल के उपचार में व्यस्त रहने के कारण परिजन तत्काल पुलिस को तहरीर नहीं दे सके। बाद में घायल की मां फूलमती ने ट्रैक्टर चालक जमालुद्दीन को नामजद करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि घायल की माता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।