◆ सुरक्षा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
अंबेडकर नगर। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर बुधवार को जिले के विभिन्न छठ घाटों का संबंधित उपजिलाधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। जलाशयों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग को मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और जनसुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।