अम्बेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जहांगीरगंज थाने से लगभग दो सौ मीटर दूरी पर सीएचसी के निकट दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल पास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और मृतकों की शिनाख्त की कार्रवाई में जुट गई है। हादसे के बाद परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटना में कई लोग और गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।