Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 नवंबर से शुरू होंगे...

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 नवंबर से शुरू होंगे दावे-आपत्तियां

0

अंबेडकरनगर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और त्रुटियों को दुरुस्त कराने का अवसर मिलने जा रहा है। इसके लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 17 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।
उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास संबंधी अभिलेखों की स्वप्रमाणित प्रतियां लगानी होंगी।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से प्रारूप मतदाता सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जांचने की अपील की। नाम, पता या अन्य विवरणों में गलती होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी लोग अभियान में सक्रिय भागीदारी करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version