अयोध्या। समृद्धि के शताब्दी पर्व के अंतर्गत विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित अयोध्या की दिशा में राय जुटाने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में नगर निगम द्वारा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सूर्यप्रतापशाही ने कहा कि विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को पूरा करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अर्थव्यवस्था का पांचवां हिस्सा यूपी से पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए 12 सेक्टर पर आमजन से सुझाव मांगे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2016-17 में 557 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न का उत्पादन था, जो अब 737 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ गया है।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए महापौर गिरीशपतित्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या यूपी का चेहरा बनकर उभर रही है। यहां विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, सड़क, पुल और एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य जारी हैं। उन्होंने बताया कि नगर की सफाई तीन पारियों में की जा रही है और दीपोत्सव के दौरान सरयू आरती का आयोजन होगा।
भाजपा अवध क्षेत्र के महामंत्री विजयप्रतापसिंह ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व बदलाव आया है। नगर आयुक्त जयेंद्रकुमार ने कहा कि जीडीपी लक्ष्य हासिल करने के लिए संस्कृति में सुधार, आय के स्रोत विकसित करने और कुटीर उद्योग को बढ़ावा देना आवश्यक है। गोष्ठी में विभिन्न जनप्रतिनिधि, विशेषज्ञ और नगर निगम पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने अयोध्या के विकास और संभावनाओं पर अपनी राय व्यक्त की।