अयोध्या। दीपोत्सव के मद्देनजर रामनगरी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की मुहिम तेज हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को कचहरी परिसर में नगर निगम की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक किया। इस दौरान महापुरुषों की प्रतिमाओं को साफ करने के साथ परिसर में चूने और एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया गया।
सुबह करीब आठ बजे शुरू हुए अभियान में नगर निगम की टीम ने कचहरी परिसर के विभिन्न हिस्सों की सफाई की। महापौर और नगर आयुक्त ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। अभियान के तहत कलेक्ट्रेट के सामने स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को धोकर साफ किया गया। इसके बाद स्वतंत्रता सेनानी भवन में आचार्य नरेंद्र देव, रमानाथ मेहरोत्रा और डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमाओं की सफाई की गई। स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित स्मृति पट्टिका को भी साफ कराया गया।
परिसर में स्थित जल प्याऊ के आसपास फैले खरपतवार को हटाने के साथ स्वच्छता और मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण के लिए आवश्यक छिड़काव कराया गया। महापौर ने शौचालयों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कैंटीन के पीछे यूरिनल का निर्माण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि परिसर में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अभियान में पार्षद सुशील मिश्र बबलू, पार्षद अनीता द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, चिंतन संस्था के आलोक सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, सतीश पांडेय, चंद्रशेखर तिवारी, अवनीश मिश्र, सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रप्रीत सिंह बेदी, रुचिरा सिंह, आशीष कौर और मीना यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मां सरयू महास्वच्छता अभियान में सहभागिता के लिए महापौर ने किया संपर्क
शहर की स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने आगामी 31 अक्टूबर को प्रस्तावित मां सरयू महास्वच्छता अभियान के लिए विभिन्न संस्थानों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक प्रतिनिधियों से संपर्क कर सहयोग की अपील की।
इसी सिलसिले में महापौर ने साकेत महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य डॉ. दानपति तिवारी और प्राध्यापकों से मुलाकात की। उन्होंने शिक्षकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और विद्यार्थियों को भी स्वच्छता के इस प्रयास से जोड़ने का आह्वान किया। इस दौरान डॉ. एके राय, डॉ. फौजदार यादव, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. अजय सिंह, डॉ. एके मिश्र और डॉ. सुधीर राय सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।
इसके बाद सर्किट हाउस में शहर के प्रमुख उद्योगपतियों, होटल कारोबारियों, व्यापारी नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। महापौर ने सभी से मां सरयू महास्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए समय, श्रम और सहयोग देने की अपील की। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय गुप्ता, होटल व्यवसायी शरद कपूर, अरुण अग्रवाल, दिनेश सिंह, स्वामीनाथ सिंह, पार्षद ज्ञान केसरवानी, सुशील मिश्र बबलू, अनीता द्विवेदी, योगेश्वर सिंह, आलोक सिंह और कुछपल फाउंडेशन की नीलम मध्याह्न सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
महापौर के इन संपर्क कार्यक्रमों का उद्देश्य नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों को सामाजिक और संस्थागत सहयोग के जरिए व्यापक बनाना है। 31 अक्टूबर को प्रस्तावित महास्वच्छता अभियान में विभिन्न वर्गों की भागीदारी से सरयू तट और आसपास के क्षेत्रों की सफाई को गति देने की तैयारी है।