Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 115 केन्द्रों पर कड़ी...

18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 115 केन्द्रों पर कड़ी निगरानी

0

अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होंगी। जनपद में कुल 115 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 16 को संवेदनशील और 5 को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि प्रत्येक ब्लॉक में सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। पांच जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इसके अतिरिक्त पांच सचल दल गठित किए गए हैं तथा निदेशालय से दो पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं। शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीलपैक प्रश्नपत्र केंद्रों को भेजे गए। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर व वॉइस रिकॉर्डिंग सिस्टम की व्यवस्था की गई है, जिसकी निगरानी विद्यालय, जनपद कंट्रोल रूम एवं निदेशालय स्तर से होगी। प्रत्येक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक, जिनमें एक बाहरी होगा, तैनात रहेंगे। इस वर्ष लगभग 75 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाएं 12 मार्च को समाप्त होंगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version