Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियां तेज, राम की पैड़ी के 56 घाटों पर शुरू...

दीपोत्सव की तैयारियां तेज, राम की पैड़ी के 56 घाटों पर शुरू हुई मार्किंग

0

◆ 23 अक्टूबर को घाट संख्या 10 पर कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह करेंगे भूमि पूजन, तीन से चार दिनों में पूरा होगा रेखांकन


अयोध्या। दीपोत्सव 2026 को लेकर डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राम की पैड़ी सहित सरयू तट के निर्धारित 56 घाटों पर दीप सजाने के लिए गुरुवार से मार्किंग (रेखांकन) का कार्य शुरू हो गया। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की टीम घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था को व्यवस्थित रूप देने में जुटी है।

दीपोत्सव के सकुशल आयोजन की कामना के साथ शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे सरयू तट स्थित घाट संख्या 10 पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया जाएगा। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह भूमि पूजन करेंगे। इस दौरान विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और समन्वयक मौजूद रहेंगे।

दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि घाटों की साफ-सफाई के बाद योजनाबद्ध तरीके से मार्किंग का काम शुरू कराया गया है। सभी 56 घाटों पर दीपों की व्यवस्थित शृंखला सजाने के लिए सूक्ष्म स्तर पर योजना बनाकर काम किया जा रहा है, जिससे निर्धारित समय में तैयारियां पूरी की जा सकें।

मार्किंग कमेटी के संयोजक एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि दीपों को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए चार वर्ग फीट के ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में निर्धारित संख्या के अनुसार दीप सजाने के लिए रेखांकन किया जा रहा है। टीम को तीन से चार दिनों में यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, मार्किंग पूरी होने के बाद घाटों पर दीपों और अन्य आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति शुरू होगी। वहीं, दीपोत्सव में दीप प्रज्ज्वलित करने वाले स्वयंसेवकों का ऑनलाइन पंजीकरण अंतिम चरण में है। पंजीकरण पूरा होने के बाद स्वयंसेवकों को घाटवार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version