

◆ 24 अक्टूबर से शुरू होगा सप्ताहभर का अभियान, 31 को सरयू के घाटों पर जुटेंगे शहरवासी
अयोध्या। दीपोत्सव से पहले रामनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम 24 से 31 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा। अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को हनुमानगढ़ी क्षेत्र की सफाई से होगी, जबकि 31 अक्टूबर को सरयू के घाटों पर मां सरयू स्वच्छता महाअभियान आयोजित किया जाएगा। इसमें नगर निगम के कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधि, व्यापारी, स्वयंसेवी संगठनों, कर्मचारी संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से अयोध्या को स्वच्छ बनाना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। सरयू के घाटों पर चलने वाले महाअभियान के दौरान पॉलिथीन, कपड़े और अन्य कचरे को हटाया जाएगा। एकत्रित कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्र भेजकर निस्तारित किया जाएगा।
महापौर ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें कर सहयोग मांगा जाएगा। प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों पर सफाई के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित अयोध्या का अनुभव मिल सके।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि 24 अक्टूबर को सुबह हनुमानगढ़ी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जाएगा। शाम चार बजे जोनल कार्यालय में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। 25 अक्टूबर को रिकाबगंज चौराहे पर सफाई के बाद होटल कारोबारियों के साथ बैठक कर स्वच्छता में सहयोग मांगा जाएगा।
26 अक्टूबर को अयोध्याधाम क्षेत्र में सफाई अभियान चलाने के साथ ठेला और पटरी दुकानदारों से संवाद किया जाएगा। 27 अक्टूबर को कनक भवन मंदिर के निकट सफाई होगी। 28 अक्टूबर को चौक, घंटाघर और गुलाबबाड़ी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसी दिन सर्किट हाउस में गैर-सरकारी संगठनों और संबंधित समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी।
29 अक्टूबर को कचहरी परिसर में सफाई अभियान चलाया जाएगा और अयोध्याधाम स्थित जोनल कार्यालय में संत समाज के प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा। 30 अक्टूबर को मणिपर्वत पर सफाई के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को अगले दिन होने वाले महाअभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
31 अक्टूबर को सरयू के घाटों और नदी तट पर मां सरयू स्वच्छता महाअभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त भरत भार्गव के नेतृत्व में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। पत्रकार वार्ता में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल और जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।