अयोध्या। पूराकलंदर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान वन्यजीव तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात नजीरपुर क्षेत्र के पास एक वाहन की जांच के दौरान पुलिस ने नौ बड़े आकार के कछुए बरामद किए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमेठी जनपद के गांधी नगर निवासी पिंटू पुत्र जियाला और लक्ष्मण पुत्र जिन्ना के रूप में हुई है। बरामद कछुओं में एक का वजन लगभग 20 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर वन विभाग को सूचना दे दी है।
प्रारंभिक जांच में कछुओं की तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कछुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां पहुंचाया जाना था। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।