अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र में ब्लिंकिट कंपनी के मैनेजर पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, डंडा, बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मैनेजर द्वारा छुट्टी न देने और कर्मचारी के साथ किए गए व्यवहार से नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, आदिलपुर निवासी वादी ने 16 सितंबर को इनायतनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षियों ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और डंडों से उसके सिर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण के लिए दो टीमें गठित की थीं। गठित टीमों ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने बारुन बाजार से इनायतनगर, मिल्कीपुर, हैरिंगटनगंज, कोछा बाजार, खजुरहट, बीकापुर, भरतकुंड, पूरा कलंदर, नाका सुल्तानपुर बाईपास, रामगंज सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे 106 कैमरोंकीफुटेजकोखंगाला। फुटेज के आधार पर पुलिस को हमले में शामिल आरोपियों की पहचान करने में सफलता मिली।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को मुन्नू का पुरवा, ग्राम आदिलपुर से शिवा गुप्ता निवासी नगहरा, अहिरौली, अंबेडकरनगर और विकास निषाद निवासी खरिकाभारी, अहिरौली, अंबेडकरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शिवा गुप्ता ब्लिंकिट कंपनी में काम करता था। आरोप है कि मैनेजर द्वारा अवकाश नहीं दिए जाने और उसके साथ किए गए व्यवहार से वह नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने साथी विकास निषाद के साथ मिलकर मैनेजर पर हमला किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड, एक डंडा, एक बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।