अयोध्या। थाना साइबर क्राइम अयोध्या की टीम ने फेसबुक के जरिए की गई 49 लाख की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे शातिरों को गिरफ्तार किया है जो आम नागरिकों की आईडी से एक्टिव सिम तैयार कर साइबर अपराधियों को सप्लाई करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 57 एक्टिव सिम कार्ड, 03 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, पॉस मशीन, रजिस्टर और अन्य सामान बरामद किया है।
मामला एक ऐसे पीड़ित से जुड़ा है, जिसके साथ फेसबुक पर दोस्ती कर निवेश के नाम पर 49 लाख रुपये की ठगी की गई थी। थाना साइबर में पहले से दर्ज मुकदमे की जांच के क्रम में यह खुलासा हुआ।
भोले-भाले लोगों को दे रहे थे लोन और डीमेट एकाउंट खोलने का झांसा
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुमित यादव (जनपद मुरादाबाद) और गगनदीप (हरिद्वार, उत्तराखण्ड) के रूप में हुई है। ये दोनों डीमेट अकाउंट और लोन दिलाने के बहाने आम नागरिकों से उनकी आईडी लेते थे और उनके नाम पर मोबाइल सिम एक्टिव कर उन्हें साइबर अपराधियों को बेचते थे। इनमें से गगनदीप पॉस एजेन्ट के रूप में कार्यरत था और दोनों मिलकर ये अवैध काम कर रहे थे।
अब तक 5 लाख की राशि रिकवर, शेष पर कार्य जारी
पुलिस की तत्परता से अब तक इस केस में 5 लाख रुपये की रिकवरी कर ली गई है और शेष धनराशि की वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
बरामद सामान की सूची:
- Vi कंपनी के 57 एक्टिवेटेड सिम कार्ड
- 03 मोबाइल फोन (Iphone 13, Vivo, Motorola)
- MSI कंपनी का लैपटॉप व चार्जर
- POS मशीन (फिंगरप्रिंट थंब मशीन)
- पावर बैंक व एक रजिस्टर
