Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर यातायात डायवर्जन लागू

परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर यातायात डायवर्जन लागू

0

◆ 17 नवंबर से 23 नवंबर तक अलग–अलग चरणों में बदलेगा ट्रैफिक, श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल


अयोध्या। चौदहकोसी परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है। अलग-अलग आयोजनों के लिए निर्धारित समय से शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों के साथ पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंधों से छूट रहेगी।

बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों के लिए भी व्यवस्था तय की गई है। गोंडा और बस्ती से लखनऊ जाने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजारा जाएगा। इसी तरह लखनऊ और बाराबंकी से गोंडा तथा बस्ती जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।


चौदहकोसी परिक्रमा: 17 नवंबर शाम चार बजे से


चौदहकोसी परिक्रमा के मद्देनजर 17 नवंबर शाम चार बजे से 19 नवंबर को भीड़ समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। सहादतगंज बाईपास, शांति चौक, मकबरा तिराहा और नवीनमंडी चौराहे से शहर, नाका हनुमानगढ़ी तथा अग्रसेन चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन वाहनों को एनएच-27 और देवकाली बाईपास की ओर भेजा जाएगा।

साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगुफा चौराहा और गांधी आश्रम बैरियर से लता मंगेशकर चौक तथा वासुदेव घाट की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इनके लिए लोलपुर बाईपास, साकेत फ्लाईओवर और जानकी महल मोड़ का रास्ता निर्धारित किया गया है। बूथ नंबर-4 ओवरब्रिज और जनौरा अंडरपास की चारों सर्विस लेन भी बंद रहेंगी।

देवकाली बाईपास, कूढ़ाकेशवपुर, आचारी सगरा और सरेठी तिराहे से दर्शननगर की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। लकड़मंडी चौराहा और दुर्गागंज माझा से पुराने सरयू पुल की ओर वाहन नहीं जाएंगे। गोसाईंगंज और पूराबाजार से अयोध्या आने वाले वाहनों को सुल्तानपुर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बालूघाट मल्टीलेवल पार्किंग, सूर्या पैलेस के बगल, महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय परिसर, फटिकशिला आश्रम, रेलवे डॉट पुल के बगल, साकेत पुल के दाहिने, दशरथ पथ और बैकुंठ धाम के पास पार्किंग निर्धारित की गई है। अम्बेडकरनगर और दर्शननगर की ओर से आने वाले वाहनों को यश पेपर मिल के सामने विद्यालय मैदान तथा कूढ़ाकेशवपुर खाली मैदान में खड़ा कराया जाएगा। बाराबंकी, रायबरेली और रामपथ की ओर से आने वालों के लिए गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज, सहादतगंज पॉलिटेक्निक, जयपुरिया स्कूल, मोटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और आईटीआई परिसर में व्यवस्था की गई है। गोंडा मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग कटरा रेलवे स्टेशन के सामने होगी।


पंचकोसी परिक्रमा: 20 नवंबर शाम छह बजे से


पंचकोसी परिक्रमा के लिए 20 नवंबर शाम छह बजे से भीड़ समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। लकड़मंडी चौराहा, दुर्गागंज माझा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगुफा चौराहा और गांधी आश्रम बैरियर से पुराने सरयू पुल तथा लता मंगेशकर चौक की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इनका आवागमन लोलपुर बाईपास, साकेत फ्लाईओवर और जानकी महल मोड़ से होगा।

बालूघाट, आसिफबाग चौराहा, बूथ नंबर-4 येलो जोन, विद्याकुंड तिराहा, महोबरा फ्लाईओवर के नीचे और टेढ़ी बाजार चौराहे से परिक्रमा मार्ग की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन वाहनों को एनएच-27 और लंगड़वीर चौराहे से निकाला जाएगा। उदया फ्लाईओवर, उदया चौराहा, गैस गोदाम तिराहा, कटरा तिराहा और राजघाट बंधा तिराहे से भी परिक्रमा मार्ग की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

इस दौरान श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग फटिकशिला आश्रम, साकेत पुल के दाहिने, दशरथ पथ और बैकुंठ धाम के पास होगी। एनएच-27 से आने वालों के लिए रामायण विश्वविद्यालय परिसर, बालूघाट मल्टीलेवल पार्किंग और सूर्या पैलेस के बगल स्थान निर्धारित किया गया है। बूथ नंबर-4 की ओर से आने वाले वाहन साथी तिराहा और आसिफबाग फ्लाईओवर के नीचे खड़े होंगे। रामपथ की ओर से आने वालों के लिए मोटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और आईटीआई परिसर तथा गोंडा मार्ग से आने वालों के लिए कटरा रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग रहेगी।


कार्तिक पूर्णिमा स्नान: 23 नवंबर सुबह आठ बजे से


कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेले के लिए 23 नवंबर सुबह आठ बजे से भीड़ समाप्त होने तक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। लकड़मंडी, दुर्गागंज माझा, साकेत फ्लाईओवर के नीचे, साकेत पेट्रोल पंप और हनुमानगुफा चौराहे से नयाघाट तथा लता मंगेशकर चौक की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

छोटी छावनी स्थित दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय और तपस्वी छावनी के रामघाट चौराहे से रामपथ की ओर आने वाले वाहनों को कांशीराम कॉलोनी परिक्रमा मार्ग से भेजा जाएगा। विद्याकुंड और कनीगंज-रायगंज मोड़ से जैन मंदिर की ओर भी प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

उदया चौराहे से टेढ़ी बाजार की ओर चारपहिया और रानोपाली तिराहे से दोपहिया वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। टेढ़ी बाजार से श्रीराम अस्पताल और चूड़ामणि चौराहे से टेढ़ी बाजार की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को लंगड़वीर फ्लाईओवर और आसिफबाग व गैस गोदाम मार्ग से निकाला जाएगा। गैस गोदाम बैरियर से कांशीराम कॉलोनी और राजघाट की ओर जाने वाले वाहनों को उदया फ्लाईओवर से डायवर्ट किया जाएगा।

पूर्णिमा स्नान के लिए आने वाले वाहनों की पार्किंग फटिकशिला आश्रम, दशरथ पथ, बैकुंठ धाम, साकेत पुल के दाहिने, बालूघाट मल्टीलेवल पार्किंग और सूर्या पैलेस के बगल में होगी। परिक्रमा मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए गैस गोदाम के बगल उदया पार्किंग तथा रामपथ और चूड़ामणि की ओर से आने वालों के लिए टेढ़ी बाजार के पास अरुंधति मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और अपने वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। इससे परिक्रमा और स्नान के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में मदद मिलेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version