अयोध्या। कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ दो दिसंबर को अयोध्या से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी। पूर्वांचल में अभियान के आगाज के लिए प्रस्तावित इस दौरे के दौरान वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद आयोजित जनचौपाल में लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों का जायजा लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में अयोध्या और अंबेडकरनगर के पार्टी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में जनचौपाल की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ अपने चुनावी अभियान की शुरुआत अयोध्या से करने जा रही हैं। ऐसे में दोनों जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटें। उन्होंने जनचौपाल में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का अयोध्या में प्रथम आगमन है। उनके स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।
अंबेडकरनगर के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर वहां के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिले से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता अयोध्या पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का अयोध्या से चुनावी अभियान शुरू करना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। जनचौपाल में महानगर के सभी वार्डों से कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष के साथ कांग्रेस के कई राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेता भी शामिल हो सकते हैं। इनमें राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त और इमरान मसूद सहित सांसदों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में अशोक सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा, करमराज यादव, अजय सिंह कप्तान, अमित जायसवाल, मोहम्मद अनीस, उग्रसेन मिश्रा, अनिल तिवारी, रुद्र प्रताप सिंह रिशु, विजयपाल सिंह, रामकिशोर वर्मा, संतोष तिवारी, राजेंद्र प्रसाद, दिलीप गौड़, प्रशांत पांडेय, अनिल सिंह, रमाशंकर तिवारी, रविंद्र कुमार, अश्वनी सिंह मधुर, रेनू राय, राम आशीष तिवारी, विकास सिंह विक्की, राज प्रताप सिंह, मनोज जायसवाल, राम अवध पासी, हृदय नारायण मिश्रा, राम सागर रावत, मोहम्मद आमिर, भोला भारती, अहमद कुरैशी, दिनेश शुक्ला, महिपाल सिंह और धर्मेंद्र सिंह फास्टर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने की तथा संचालन महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने किया।