Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या डम्पर की टक्कर से मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान घायल, सिर पर लगे...

डम्पर की टक्कर से मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान घायल, सिर पर लगे दो टांके

0

मसौधा-सुच्चितागंज मोड़ स्थित भाभा चौराहे पर हुआ हादसा, सीटी स्कैन की रिपोर्ट सामान्य;


चिकित्सकीय निगरानी में रखे गए विधायक


अयोध्या। मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। मसौधा-सुच्चितागंज मोड़ स्थित भंभा चौराहे पर विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार डम्पर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में विधायक के सिर में चोट आई, जबकि उनके गनर और चालक को भी मामूली चोटें लगीं। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। उनके सिर में दो टांके लगाए गए हैं। सीटी स्कैन की रिपोर्ट सामान्य आने के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत सामान्य बताई है।

जानकारी के मुताबिक विधायक मिल्कीपुर क्षेत्र से चार वाहनों के काफिले के साथ जिला मुख्यालय की ओर आ रहे थे। उनकी फॉर्च्यूनर कार में विधायक समेत पांच लोग सवार थे। थाना पूराकलंदर क्षेत्र में भंभा चौराहे के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे डम्पर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन को किनारे लगाकर विधायक को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

विधायक के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में अधिकारियों और नेताओं का जमावड़ा लग गया। सभी ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। जिला अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक के सिर पर एक घाव था, जिसमें दो टांके लगाए गए हैं। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने भी बताया कि विधायक के सिर में चोट आई थी। उनका उपचार कर दिया गया है और उनकी स्थिति सामान्य है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेन्द्र कुमार ने बताया कि विधायक का सीटी स्कैन कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट सामान्य है। वह होश में हैं और बातचीत कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें अभी चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version