Tuesday, August 18, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरयुवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने पुलिस पर लगाया प्रताड़ित...

युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने पुलिस पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के ठट्टा गांव में शुक्रवार देर रात 20 वर्षीय युवक ने गांव स्थित प्राइमरी स्कूल परिसर में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह ग्रामीणों की खोजबीन के दौरान युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने आत्महत्या के पीछे पुलिस की कथित प्रताड़ना को कारण बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतक की पहचान दिनेश पुत्र अमरजीत निषाद के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दिनेश का पड़ोस के एक गांव की युवती के एक सप्ताह पूर्व फरार होने के मामले से कोई लेना-देना नहीं था। बावजूद इसके उक्त प्रकरण में दिनेश और एक महिला का नाम सामने आने के बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लगातार पूछताछ और दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था।

परिजनों के अनुसार शुक्रवार देर रात दिनेश शौच के बहाने घर से निकला और प्राइमरी स्कूल के पास जाकर फांसी लगा ली। शनिवार सुबह शव मिलने पर परिजनों ने उसे पेड़ से उतारकर घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

काफी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि मृतक को किसी भी प्रकार से परेशान नहीं किया जा रहा था, केवल पूछताछ के लिए उसकी तलाश की जा रही थी। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments