Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिताने की बनी रणनीति

शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिताने की बनी रणनीति

0
ayodhya samachar

◆ महामाया मेडिकल कॉलेज में ध्रुव कुमार त्रिपाठी के स्वागत समारोह में जुटे भाजपा पदाधिकारी और शिक्षक


अंबेडकर नगर। महामाया मेडिकल कॉलेज के सरदार वल्लभभाई सभागार में बुधवार को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के भाजपा एवं उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के संयुक्त प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मत दिलाने की रणनीति बनाई गई।

प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि जिले में 2,870 शिक्षक मतदाताओं के बीच पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। उन्होंने शिक्षक नेताओं, प्रधानाचार्यों और पार्टी पदाधिकारियों से चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य संघ के अध्यक्ष उदयराज मिश्र ने कहा कि ध्रुव कुमार त्रिपाठी 18 वर्षों से शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में शिक्षकों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से 23 अक्टूबर को उनके पक्ष में मतदान कर दोबारा सदन में भेजने की अपील की।

कार्यक्रम में मतदाताओं से निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य पहचान पत्र लेकर मतदान केंद्र पहुंचने तथा मतपत्र पर निर्धारित तरीके से केवल एक वैध वरीयता अंक लिखने की अपील की गई, ताकि मतपत्र अवैध न हो।

कार्यक्रम का संचालन रमेश गुप्ता ने किया। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय, शैलेंद्र सिंह, कटेहरी विधायक, जिला पंचायत प्रशासक कपिल देव वर्मा, मनोज मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी वाल्मीकि उपाध्याय, सह मीडिया प्रभारी अमित सिंह, संतोष सिंह बबलू, शिवपूजन राजभर, अंकित अग्रहरि, अरुण राजभर, मनीष मिश्र, अंजू पांडेय, आकाश कुमार, गिरीश वर्मा, शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. विजय वर्मा और संजय तिवारी सहित भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक, प्रधानाचार्य एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version