Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर तीन महीने बाद होनी थी शादी, रक्षाबंधन से पहले सड़क हादसे में...

तीन महीने बाद होनी थी शादी, रक्षाबंधन से पहले सड़क हादसे में सिपाही की मौत

0

बसखारी अंबेडकर नगर । स्थानीय थाना क्षेत्र के निवासी चंदौली जनपद में तैनात पुलिसकर्मी की एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। मृतक पुलिसकर्मी की तीन महीने बाद नवंबर माह में शादी भी तय थी। मिली जानकारी के अनुसार बसखारी थाना क्षेत्र के कटया गंजन निवासी वीर बहादुर  पुत्र विष्णु चंद्र उम्र लगभग 29 वर्ष चंदौली जनपद के अलीपुर थाना अंतर्गत भुपौली पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मी के पद पर तैनात थे। बताया जाता है कि बीते बुधवार को वीर बहादुर भुपौली चौकी प्रभारी अमित सिंह ,उनकी पत्नी व बच्चों के साथ कार से वाराणसी की तरफ जा रहे थे। शिवपुर वाराणसी रिंग रोड के पास विपरीत दिशा से आ रही क्रेटा कार और उनकी कार से आमने-सामने की टक्कर हो गई।जिसमें वीर बहादुर की दर्दनाक  मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर कटया गंजन गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव घर आते ही गांव में चीख पुकार मच गई। मृतक पुलिसकर्मी को अंतिम विदाई देने के लिए आसपास के लोग भी मृतक के घर पहुंचने लगे।मृतक वीर बहादुर 2018 बैच के सिपाही थे और उनकी शादी भी तीन महीने बाद नवंबर माह मे होनी थी। जिसकी तैयारी में  परिवार के लोग लगे हुए थे।रोते बिलखते परिजनों ने बताया कि वीर बहादुर रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनों से राखी बंधवाने के लिए घर आने वाले थे। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। गुरुवार को मृतक सिपाही के पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ महादेव घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।


रक्षाबंधन एवं शादी की खुशियां मातम में बदली


मृतक सिपाही वीर बहादुर की मौत ने रक्षाबंधन और शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक की चार बहने व एक भाई थे जो मृतक से बड़े थे।वीर बहादुर के पिता विसुन चंद्र बसखारी में चाय की दुकान चलाकर चारों पुत्रियों की शादी करने के साथ बड़े पुत्र को वकील और दूसरे पुत्र  वीर बहादुर को पुलिसकर्मी बनाने के लिए काफी संघर्ष किया। काफी संघर्ष के बाद परिवार में मिली सफलता, रक्षाबंधन के त्योहार और वीर बहादुर की शादी को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन बीते बुधवार को वीर बहादुर की सड़क दुर्घटना में हुई मौत की खबर ने रक्षाबंधन व शादी की खुशियों पर वज्रपात कर दिया। रोते बिलखते परिजनों व बहनों की चीत्कार सुनकर लोगों की आंखों से भी आंसू छलकने लगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version