Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सम्पूर्ण समाधान दिवस में सदर तहसील में डीएम ने सुनी जनता की...

सम्पूर्ण समाधान दिवस में सदर तहसील में डीएम ने सुनी जनता की फरियादें

0

◆ अधिकारियों को दिया निर्देश — समयबद्ध निस्तारण ही प्राथमिकता


अयोध्या । तहसील सदर सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आम जनता की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के सामने भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर मौजूद रहे।

जिलाधिकारी फुंडे ने स्वयं प्रत्येक फरियादी की शिकायत ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

समाधान दिवस के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए शिकायतकर्ताओं ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम डाभासेमर के एक शिकायतकर्ता ने स्थलीय आख्या लंबित होने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने एसडीएम सदर को तत्काल जांच कर न्यायोचित कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम अरवत, विकासखंड मयाबाजार से आए शिकायतकर्ता ने आरआरसी सेंटर निर्माण की शिकायत की, जिस पर एसडीएम को जांच के निर्देश मिले। ग्राम खजुरावर, थाना महाराजगंज के मामले में नापदान का पानी खुलवाने और अवैध निर्माण हटाने की मांग पर डीएम ने राजस्व टीम गठित करने के निर्देश दिए। ग्राम शिवदासपुर डाभासेमर के शिकायतकर्ता की नाली अवरोध से संबंधित शिकायत पर तहसीलदार सदर को जांच करने का आदेश दिया गया। वहीं ग्राम सरायसागर, मयाबाजार में सूखे इमली के पेड़ को काटने की शिकायत पर डीएम ने डीएफओ को पेड़ कटवाने के निर्देश दिए।

रूदौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अधिकतर शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति, राशन और पेंशन से संबंधित रहीं।

डीएम ने सभी विभागों से कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी समाधान की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version