अम्बेडकर नगर। जनपद के अकबरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अरिया गांव के पास स्थित एक आम के बाग में युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि सुबह स्थानीय लोगों ने आम के बाग में एक युवक को पेड़ से लटका देखा। पास जाकर देखने पर युवक की मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना तत्काल अकबरपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त 20 वर्षीय मोहम्मद जैद पुत्र तफसीर हुसैन, निवासी अरिया के रूप में की।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। युवक की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।